सड़क हादसे में युवक की मौत
- 19 अप्रैल को दोस्त के भाई की थी शादी
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। जसराना क्षेत्र के गांव नगला हंशी के समीप निजी बस की चपेट में आकर बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। परिजन घायलों को उपचार को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। एक युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घायल युवक के बड़े भाई की शादी 19 अप्रैल को है।
जसराना थाना क्षेत्र के गांव मकरुऊ निवासी बिट्टू (18) अपने साथी विकास के साथ कसबा पाढ़म से बाइक द्वारा घर लौट रहा था। बाइक सवार दोनों युवक जसराना थाना क्षेत्र के गांव नगला हंशी के समीप पहुंचे थे। तभी पीछे से आ रही निजी बस की चपेट में बाइक आ गई। इससे बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजन दोनों को उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर आए। यहां बिट्टू को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। विकास की हालत गंभीर होने पर परिजन उपचार के लिए ले गए। बिट्टू के पिता महीपाल ने बताया कि विकास के बड़े भाई की 19 अप्रैल को शादी है। घर की साफ सफाई के लिए विकास बिट्टू को अपने साथ बाइक से पाढ़म सामन लेने को गया था। यहां से दोनों लोग घर लौट रहे थे। बाइक विकास चला रहा था। बिट्टू हाईस्कूल की परीक्षा दे रहा था। थानाध्यक्ष जसराना फतेह बहादुर सिंह का कहना है कि युवक की मौत बस की चपेट में आकर हुई है। चालक को हिरासत में लिया गया है। बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।