जसराना में सड़क हादसे में घायलों को लेकर जाती एंबुलेंस। अमर उजाला
- फोटो : FIROZABAD
जसराना। थाना क्षेत्र के औंछा चौराहे पर सोमवार को कार एवं बाइक में भिड़ंत हो गई। हादसे में देवर एवं दो बेटों के साथ शादी समारोह में शामिल होने जा रही महिला एवं उसके एक बेटे की मौत हो गई। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर घायलों को उपचार के लिए तो मृतकों को पीएम के लिए भेज दिया।
थाना सिरसागंज के गांव सुम्मेरपुर निवासी महिला श्वेता देवर नितिन एवं बेटों आर्यन एवं आर्या के साथ बाइक से औंछा शादी में शामिल होने जा रही थी। जसराना के औंछा चौराहे पर घिरोर से आ रही कार ने बाइक को चपेट में ले लिया। कार की टक्कर से बाइक सवार बुरी तरह घायल हो गए। वहीं कार भी खाई में जाते-जाते बची।
लोग घायलों को डाक्टर के पास लेकर गए। डाक्टरों ने श्वेता एवं आर्यन को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस कार सवारों को थाने लेकर आई। कासगंज के मोहल्ला नाथूराम निवासी पंकज पत्नी एवं बेटे के साथ कार से लखनऊ से कासगंज आ रहे थे। सूचना पर मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शवों को पीएम के लिए भेजा है। कोतवाल गिरीश चंद्र ने कहा कि हादसे मेें दो लोगों की मौत हुई है।