टूंडला। पुलिस भर्ती परीक्षा में फर्जी प्रवेश पत्र तैयार कर अपने स्थान पर भाई से परीक्षा दिला रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस परीक्षा देने वाले एक भाई को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।शहर के ठाकुर बीरी सिंह महाविद्यालय में बनाए गए परीक्षा केंद्र पर 17 फरवरी को पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा में फिरोजाबाद के थाना नसीरपुर अंतर्गत गांव रूधऊ निवासी मुकुल चंद्र के स्थान पर उसका भाई पंकज परीक्षा दे रहा था। केंद्र व्यवस्थापक डाॅ. कमलेश वर्मा ने जांच के दौरान उसे पकड़ लिया था तथा थाने में उसके व उसके भाई के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने पंकज को उसी दौरान गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं फरार चल रहे मुकुल चंद्र की तलाश में जुटी थी। थाना प्रभरी अनुज राणा ने बताया कि वांछित चल रहे आरोपी मुकुल चंद्र को गांव मोढ़ा के पास से गिरफ्तार कर जेल भेजा है।