शिकोहाबाद। इलाहाबाद हाईकोर्ट में एमटीएस के पद पर बेटे की नौकरी लगाने के नाम पर शातिर ठगों ने महिला से 9 लाख रुपये ठग लिये। इसके अलावा महिला को किराये का लालच देकर उसके मकान में पैरामेडिकल स्कूल भी खोल लिया। पीड़िता ने कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ थाना शिकोहाबाद में केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
शहजलपुर न्यू कुंज निवासी सारिका संत को दो शातिरों ने ठगी का शिकार बनाया। आरोपी प्रवीण कुमार निवासी गांव आमरी शिकोहाबाद एवं राजेश कुमार बघेल निवासी कठफोरी सिरसागंज से पीड़िता का परिचय था। आरोप है कि 5 मार्च 2022 को दोनों आरोपियों ने महिला को पांच हजार रुपये प्रतिमाह किराये का लालच दिया। इसके बाद उसके मकान में पैरामेडिकल स्कूल संचालित करने लगे। आरोप है कि आरोपियों ने महिला को उसके बेटे शशांक की इलाहाबाद हाईकोर्ट में एमटीएस के पद पर नौकरी लगवाने का झांसा दिया। इसके लिए आरोपियों ने महिला से कुल 9 लाख रुपये ठग लिये। महिला के कहने पर आरोपी महिला के बेटे को इलाहाबाद हाईकोर्ट ले गए। जहां से गत 12 अक्टूबर 2023 को फर्जी प्रवेश पत्र पीड़िता के बेटे को दिया गया। इसके बावजूद पीड़िता के बेटे की नौकरी नहीं लगी। इलाहाबाद हाईकोर्ट जाकर जब जानकारी की, तो वहां एमटीएस पद खाली न होने की जानकारी मिली। महिला ने जब आरोपियों से अपने रुपये वापस मांगे, तो उन्होंने कुल 45 हजार रुपये वापस कर दिये। इसके बाद शेष रकम मांगने पर महिला के साथ गाली-गलौज कर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता ने कोर्ट के आदेश पर दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।