टूंडला के आनंदपुर में ट्रक में भरी हड्डियों को दिखाते ग्रामीणसंवाद
टूंडला (फिरोजाबाद)। पचोखरा-हिम्मतपुर मार्ग पर गोवंशों की हड्डियों से भरे ट्रक को गोसेवकों और करणी सेना के पदाधिकारियों ने पकड़ लिया। इसके साथ ही पुलिस को बुलाते हुए ट्रक और चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पशुओं की हड्डियों से भरा एक ट्रक शुक्रवार सुबह नौ बजे करीब पचोखरा होते हुए फिरोजाबाद की ओर जा रहा रहा था। ट्रक थाना पचोखरा के गांव आनंदपुर जारखी पहुंचा तो सड़क के ऊपर एक सूखे पेड़ की टहनी से टकराते हुए ट्रक पर लगा त्रिपाल फटकर हट गया तथा कुछ हड्डियां सड़क पर बिखर गईं। यह देख ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए ट्रक को रोक दिया। इस बीच वहां गोसेवक भी पहुंच गए। गोसेवक एवं करणी सेना भारत के ब्लॉक अध्यक्ष दीपक सिसोदिया, युवा के जिलाध्यक्ष विकास सिसोदिया, गोभक्त अमित सिसोदिया, देवांशु सिसोदिया, सूरज सिसोदिया, पुष्पेंद्र कुमार, कृष्णा आदि ने गाेवंश की तस्करी कर ले जाने की सूचना पुलिस को दे दी।
सूचना पर थानाध्यक्ष पारुल मिश्रा पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गईं। गोसेवकों ने गोवंशों का वधकर हड्डियां ले जाने का आरोप लगाते हुए चालक व ट्रक को पुलिस के हवाले कर दिया। चालक कप्तान सिंह ने बताया है कि जयपुर में नीलाम होने पर उन हड्डियों को वह ले जा रहा था। टोल बचाने के लिए वह उस मार्ग से जा रहा था। थानाध्यक्ष पारुल मिश्रा ने बताया कि चालक ने कुछ कागजात दिए हैं, जिनके मुताबिक हड्डियों को जयपुर से उन्नाव ले जाया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के उपरांत ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।