टूंडला के गांव गढ़ी भगवंत के निकट जलता पियार व करब। स्रोतः ग्रामीण
- फोटो : टूंडला के गांव गढ़ी भगवंत के निकट जलता पियार व करब। स्रोतः ग्रामीण
- सड़क किनारे रखी ग्रामीणों की करब भी आग की भेंट चढ़ी, ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को अलग कर बचाया।
संवाद न्यूज एजेंसी
टूंडला। ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर ले जाए जा रहे धान के पयार में रविवार शाम चार बजे बिजली की चिंगारी से आग लग गई। आग में पयार के साथ ही सड़क किनारे रखी किसानों की करब भी जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस बीच किसान ने ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर को जलने से बचा लिया।
थाना नगला सिंघी क्षेत्र के गांव गढ़ी भगवंत निवासी बबलू कुमार शाम साढ़े चार बजे करीब अपने ट्रैक्टर-ट्राॅली में खेत से नलकूप पर रखने के लिए धान का पयार ले जा रहा था। जब वह गढ़ी भगवंत से एलई जाने वाले मार्ग पर पहुंचा तो ट्रॉली में ऊंचाई तक भरे पियार से लटकते बिजली के तार टकरा गए। तारों के आपस में भिड़ने से निकली चिंगारी से पयार में आग लग गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि सड़क किनारे रखी गांव के ही राम अवतार, प्रताप सिंह व नरसिंह पाल की करब को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस बीच ग्रामीणों की मदद से बबलू ने ट्रैक्टर को ट्रॉली से अलग कर दिया। ग्रामीणों ने जब तक आग बुझाई पयार व करब जलकर राख हो गए।