मकान लगी आग से जले सामान को देखते नगर विधायक जानकारी करते। संवाद
फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ इलाके में देर रात एक मकान के ऊपर के हिस्से में शॉर्टसर्किट से आग लग गई। जिससे लाखों का सामान जलकर राख हो गया। आसपास के लोगों ने नीचे के हिस्से में सो रहे मकान स्वामी के परिवार को घटना की जानकारी दी। क्षेत्रीय लोगों ने पानी से खुद ही आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था। जानकारी पर पहुंचे नगर विधायक ने पीड़ित परिवार को मदद का आश्वासन दिया है।
विजय नगर पानी की टंकी गली नंबर नौ निवासी रामकुमार बुधवार रात अपने परिवार के साथ मकान के नीचे के हिस्से में सो रहे थे। रात करीब 11 बजे शॉर्टसर्किट से ऊपर के हिस्से में आग लग गई। मकान से लपटों के साथ धुंआ उठता देख आसपास के लोगों ने परिवार को जगाया और घटना की जानकारी की दी। इसके बाद काफी मात्रा में बाल्टियों से पानी फेंका गया। जिससे आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था। इस घटना में लाखों रुपये का नुकसान पीड़ित परिवार को हुआ है। शुक्रवार को नगर विधायक मनीष असीजा मौके पर पहुंचे। उन्होंने जानकारी करने के बाद परिवार को हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया है।