आग के बाद मलबे में तब्दील फर्नीचर का गोदाम
मंगलवार सुबह नगर के स्टेशन रोड स्थित हरियाणा फर्नीचर हाउस के गोदाम में भीषण आग लग गई और इसमें जलकर मानसिक रूप से बीमार एक बालिका (12) की जलकर मौत हो गई। आग में गोदाम में रखी स्कूटी सहित लाखों रुपए का माल जलकर राख हो गया। आग बुझने के बाद मलबा हटाने के दौरान बालिका का शव मिला और इससे सनसनी फैल गई, साथ ही सवाल भी खड़े हुए कि बालिका गोदाम में कैसे पहुंची। फिलहाल आग लगने के कारण का पता नहीं चल पाया है।
स्टेशन रोड पर हरीमोहन शर्मा की हरियाणा फर्नीचर के नाम दुकान है। दुकान के पीछे ही उनका गोदाम है।मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे गोदाम से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगी तो मोहल्ले के लोगों ने इसकी जानकारी दुकान पर दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने सबमर्सिबल पंप से आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची दमकल ने आग ने बुझाने के प्रयास शुरू किए, इसी बीच उसका पानी समाप्त हो गया। इसके बाद फीरोजाबाद से भी दमकल बुलाई गई। करीब साढ़े तीन घंटे बाद आग काबू में आई। तब तक गोदाम में रखे सोफे, बेड, प्लाई बोर्ड, गद्दे और स्कूटी आदि जलकर राख हो गई। जले सामान के मलबे को हटाने पर बालिका का शव बरामद हुआ। इसके बाद एसडीएम डाक्टर पंकज वर्मा, सीओ विजय कुमार, नायब तहसीलदार व थाना प्रभारी मौके पर पहुंच गए। काफी प्रयास के बाद बालिका की शिनाख्त तेलमिल रोड निवासी संजय चक की पुत्री शिवी उर्फ रश्मि 12 के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सीओ ने बताया कि सुबह गोदाम खोलने के बाद वहां काम करने वाले कर्मचारी दुकान पर चले गए थे, गोदाम खुला हुआ था। बालिका मानसिक रूप से बीमार थी और सुबह घर से निकल गई थी। बालिका आग में कैसे घिर गई। आग शार्ट सर्किट से लगी या बालिका ने लगाई, ये भी अभी स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।