- पत्नी के मायके में होने के दौरान उठाया कदम, थाना नारखी क्षेत्र की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
नारखी। थाना क्षेत्र के गांव कोटला में बृहस्पतिवार देर रात एक मजदूर ने संदिग्ध परिस्थिति में कमरे के अंदर पंखे से दुपट्टे का फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के समय मृतक की पत्नी अपनी बेटियों के साथ मायके गई हुई थी। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार में चीख-पुकार मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है।
गांव कोटला निवासी 37 वर्षीय देवेंद्र मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी पत्नी लता देवी नवमी के अवसर पर अपनी बेटियों के साथ अपने मायके थाना सिरसागंज क्षेत्र के गांव पेंगू गई हुई थी। बृहस्पतिवार देर रात देवेंद्र अपने कमरे में सोने गया था। इसी दौरान उसने पंखे से दुपट्टे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। रात या सुबह के वक्त जब उसकी मां श्यामबेटी ने कमरे में जाकर देखा, तो वह फंदे पर लटका हुआ था। यह देख मां की चीख निकल पड़ी, जिनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर एकत्र हो गए।
आत्महत्या के कारणों की पुष्टि नहीं, पुलिस जांच में जुटी
मृतक चार भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था तथा अपने पीछे पत्नी व दो रोती-बिलखती बेटियों को छोड़ गया है। परिजन अभी तक किसी भी प्रकार के आत्महत्या के स्पष्ट कारणों की जानकारी नहीं दे सके हैं। सीओ टूंडला अरुण चौरसिया ने बताया कि मजदूर की फंदा लगाने से मौत हुई है और पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर गहराई से जांच कर रही है।