फिरोजाबाद। थाना लाइनपार क्षेत्र में देर रात चूड़ी जुड़ाई का काम करते समय बड़ा हादसा हो गया। आजाद नगर थाना लाइनपार निवासी गोपी (35) सोमवार देर रात अपने घर पर चूड़ी जुडाई का काम कर रहा था। इस दौरान अचानक केरोसिन की डिब्बी फटने से आग लग गई। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन में यह देखकर अफरातफरी मच गई। शोर- शराबा होते ही आसपास की महिलाएं और पुरुष पहुंच गए। परिजन ने मिट्टी और पानी डालकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन आनन-फानन में उसे ट्रॉमा सेंटर लेकर आए। जहां चिकित्सकों ने भर्ती कर प्राथमिक उपचार करने के बाद गंभीर हालत को देख आगरा रेफर कर दिया। थाना प्रभारी रमित आर्या ने बताया कि डिब्बी फटने से आग लग गई थी। जिससे युवक गंभीर रूप से झुलस गया था। उसका आगरा के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। संवाद