फिरोजाबाद। शासन की योजनाओं के लिए जरूरी आधार कार्ड बनवाने के लिए शहरवासियों को ऐड़ी से चोटी का जोर लगाना पड़ रहा है। सुहागनगर स्थित प्रधान डाकघर में आधार बनवाने एवं संशोधन के लिए तड़के ही लोगों की कतारें दिख रहीं हैं। शुक्रवार को भी लोगों का हुजूम प्रधान डाकघर के बाहर दिखा।
शासन की जनहित वाली योजनाओं का लाभ लेने को परिषदीय व माध्यमिक स्तर के छात्रों का अपार पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। इसके अलावा यूनिक आईडी, पासपोर्ट, राशन कार्ड में परिजनों के नाम शामिल कराने एवं पैनकार्ड आदि के लिए आधार पंजीकरण कराना अनिवार्य है। अपार आईडी एवं यूनिक आईडी के लिए जरूरी आधार कार्ड से वंचित बच्चों के परिजन प्रधान डाकघर के चक्कर काट रहे हैं।
वहीं भारी संख्या में पंजीयन के लिए आ रहे लोगों को नियंत्रित करने के लिए डाक विभाग ने टोकन जारी करना शुरू कर दिया है। टोकन के हिसाब से ही लोगों को आधार पंजीयन के लिए बुलाया जा रहा है। ऐसे में टोकन हासिल करने के लिए लोगों की कतारें तड़के प्रधान डाकघर के गेट पर लगी दिख रहीं हैं। शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे प्रधान डाकघर के बाहर लोगों का हुजूम दिखाई दिया।