रीक्षा केंद्र पर निरीक्षण करने पहुंचे पर्यवेक्षक। स्रोत: विभाग
- फोटो : रीक्षा केंद्र पर निरीक्षण करने पहुंचे पर्यवेक्षक। स्रोत: विभाग
फिरोजाबाद। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं बुधवार को हुईं। सुबह की पाली में एसबीएल इंटर कॉलेज मुस्तफाबाद में 10वीं के एक परीक्षार्थी को नकल करते हुए पकड़ा गया।
केंद्र व्यवस्थापक ब्रजपाल सिंह द्वारा चेकिंग के दौरान विद्यार्थी को विज्ञान की परीक्षा के दौरान पर्ची से नकल करते हुए पकड़ा गया। उसके पेपर, कॉपी और नकल सामग्री को मौके पर ही सीज करते हुए केंद्र व्यवस्था ने उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों के विषय में डीआईओएस को भी पत्राचार किया गया। वहीं दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की रसायन विज्ञान की परीक्षा हुई। छात्रों के अनुसार, पेपर में डी और एफ ब्लॉक तत्व, रसायनिक गतिकी और सामान्य यौगिकों से जुड़े सवाल बेहद कठिन थे। अल्कोहल, फिनोल, ईथर और जैविक अणुओं से संबंधित समीकरणों को हल करने में मेधावियों के भी पसीने छूट गए।
हाईस्कूल की विज्ञान की परीक्षा के विषय में छात्रों ने बताया कि रसायन विज्ञान के भाग से आए प्रश्न सबसे अधिक कठिन थे। रसायनों की प्रकृति, विद्युत धारा का चुंबकीय प्रभाव और जैव जगत से जुड़े गहराई वाले सवालों ने काफी समय लिया। बोर्ड परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। डीआईओएस धीरेंद्र कुमार और मंडलीय पर्यवेक्षक जीवेंद्र सिंह ने विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
सीबीएसई : पाठ्यक्रम से था पेपर, फिर भी रही मशक्कत
सीबीएसई बोर्ड के 15 केंद्रों पर आयोजित दसवीं की विज्ञान परीक्षा में छात्रों की मिली-जुली प्रतिक्रिया रही। विद्यार्थियों का कहना था कि यद्यपि प्रश्न पाठ्यक्रम के भीतर से ही थे, लेकिन उनकी जटिलता अधिक थी। विद्यार्थियों के अनुसार अन्य विषयों के मुकाबले विज्ञान का पेपर काफी कठिन और समय लेने वाला रहा।