फीरोजाबाद/फरिहा। बारात की विदा के समय की गई हर्ष फायरिंग के दौरान दो लोग गोली लगने से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए आगरा रेफर किया गया है।
फरिहा थाना क्षेत्र के गांव अकबरपुर निवासी रामसेवक की पुत्री बविता की शादी खैरगढ़ निवासी पंकज के साथ तय हुई थी। बुधवार शाम को बारात गांव अकबरपुर आई थी। विवाह की रस्में पूरी होने के बाद गुरुवार शाम को बारात विदा हो गई थी तभी किसी ने हर्ष फायरिंग कर दी। गोली वहां खड़े दयाशंकर (30) पुत्र लाखन सिंह निवासी हिमायूंपुर थाना दक्षिण व रोहित (12) पुत्र सुखदेव निवासी अकबरपुर को जा लगी। इससे हड़कंप मच गया। फायरिंग करने वाला युवक वहां से भाग निकला। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया वहां से उन्हें आगरा रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष फरिहा का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं मिली है।