टूंडला (ब्यूरो)। गांव चुल्हावली में हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी से हजारों रुपये का फसल जलकर राख हो गया। लोगों ने आग को बुझाने का प्रयास किया लेकिन कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना पर जब तक फायर ब्रिगेड पहुंचती इससे पहले ही लाक जलकर राख हो चुकी थी।
थाना क्षेत्र के गांव चुल्हावली निवासी ज्ञानेंद्र शर्मा पुत्र शंकरलाल शर्मा के खेत के ऊपर हाईटेंशन लाइन के तार गुजर रहे हैं। शनिवार शाम करीब तीन बजे अचानक तारों से निकली तेज चिंगारी से खेत में फसल में आग लग गई। आग को देखकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने मौके की ओर दौड़ लगा दी। कोई पानी लेकर भागा तो कोई मिट्टी डालने में जुट गया लेकिन आग ने पल भर में ही विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों की सूचना पर फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंच गई। लेकिन तब तक फसल जलकर राख हो चुकी थी। आग में करीब छह बीघा फसल जलकर राख हो गई। फसल की कीमत हजारों रुपये बताई जा रही है।
गेहूं की फसल में लगी आग
शिकोहाबाद (ब्यूरो)। ग्राम रीठरा में दो भाइयों के खेत में खड़ी गेहूं की फसल में अज्ञात कारणों से आग लग गई। खासी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। गली फूलापुरिया निवासी रामवीर सिंह और उसके भाई रमेशचंद्र के खेत ग्राम रीठरा में हैं। शनिवार शाम उनके खेतों में खड़ी गेहूं की फसल में अचानक आग लग गई। आग को देखकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने मौके की ओर दौड़ लगा दी। काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया जा सका। रामवीर ने बताया कि दोनों की फसलों को तकरीबन 50-50 हजार रुपये का नुकसान हो गया।
शार्ट सर्किट से लगी गेहूं की फसल में आग
अमर उजाला ब्यूरो
जसराना। शनिवार की दोपहर बड़ागांव रोड पर सिकंदरपुर निवासी जगतपाल के गेेहूं के खेत में विद्युत शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग लगते ही खेतों में कार्य कर रहे ग्रामीणों में चीखपुकार मच गई। ग्रामीणों ने पास के बंबा से से पानी लाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना दमकल पहुंच गई। बताया जाता है कि आग से दो बीघा फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
मजदूरों की झोपड़ी आग से राख
सिरसागंज (ब्यूरो)। ग्राम बाछेमई में शनिवार दोपहर तीन झोपड़ीनुमा मकानों में आग लग गई। आग से दो मजदूरों का गृहस्थी का सामान जल कर राख हो गया। ग्राम बाछेमई निवासी अशोक कुमार गांव में अपने परिवार के साथ झोपड़ी में रहता है। दोपहर में वह मजदूरी करने गया था। वहीं बच्चे भी झोपड़ी से बाहर थे। दोपहर तीन बजे यकायक झोपड़ी में आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आग ने निकट स्थित दो और छप्पर को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने खासी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन इससे पहले ही आग से अशोक का गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया।