फीरोजाबाद। विप्रा द्वारा रेहना नाले पर कराए जा रहे निर्माण कार्य की गुणवत्ता खराब होने पर उसे तुड़वाया गया। निर्माण कार्य में प्रयोग की गई सामग्री की जांच रिपोर्ट आते ही ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विप्रा सचिव एवं नगर मजिस्ट्रेट उदय सिंह ने कहा कि ठेकेदारों को काली सूची में डाला जाएगा।
प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कसबा मक्खनपुर में आयोजित सभा के दौरान रेहना नाले के दोनों ओर पटरी का निर्माण कराए जाने का शिलान्यास किया था। करोड़ों रुपये से कराए जा रहे इस निर्माण कार्य की गुणवत्ता खराब होने की सूचना सपा के लोकसभा प्रत्याशी अक्षय यादव को मिली थी। सपा जिलाध्यक्ष अजीम भाई के साथ पहुंचे अक्षय यादव ने खुद ईंटों के साथ मसाले को देखा तो वह दंग रह गए। डीएम संध्या तिवारी को जानकारी दी तो उन्होंने विप्रा सचिव को जांच करके दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। फीरोजाबाद व शिकोहाबाद विकास प्राधिकरण के सचिव एवं नगर मजिस्ट्रेट ने मौके पर जाकर कराए जा रहे निर्माण सामग्री का सैंपल लेने के साथ ही इस कार्य को कराने वाले विप्रा के इंजीनियर एसडी पालीवाल एवं राजकपूर को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसके साथ ठेकेदारों के खिलाफ भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। विप्रा सचिव की ओर से गत दिवस ही रिपोर्ट डीएम को सौंप दी गई थी। इधर गुरुवार को विप्रा सचिव ने वहां कराए गए निर्माण कार्य को ध्वस्त करा दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में बहुत ही घटिया किस्म की सामग्री प्रयोग की जा रही थी। सैंपल में यदि मसाला ठीक नहीं मिला तो उक्त काम को करा रहे तीनों ठेकेदारों को भी काली सूची में डालने की कार्रवाई की जाएगी।