फीरोजाबाद। मक्खनपुर स्टेशन पर खड़ी कोयले से लदी मालगाड़ी की एक बोगी से धुआं उठता देख रेलवे के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। टूंडला, फीरोजाबाद और शिकोहाबाद से फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
कनौरी से कोयला लेकर बदरपुर जा रही मालगाड़ी के चालक ने मंगलवार रात करीब 11:50 पर ड्यूटी टाइम पूरा होने पर ओवरटाइम से मना कर दिया और गाड़ी को मक्खनपुर स्टेशन की लूप लाइन पर खड़ा कर दिया। इसकी जानकारी स्टेशन मास्टर ने विभागीय अधिकारियाें को रात में ही दे दी। सुबह करीब छह बजे स्टेशन से गुजर रहे लोगों की नजर इंजन से 10वें नंबर की बोगी पर पड़ी तो धुआं उठ रहा था। लोगों ने स्टेशन मास्टर को अवगत कराया। उन्होंने आला अधिकारियों को जानकारी देते हुए फायर विभाग के साथ इलाका पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल आग बुझाने का प्रयास करती लेकिन ट्रैक के ऊपर से गुजर रहे तारों में करंट दौड़ रहा था। इसे बंद करने के लिए अधिकारियों को सूचना दी गई लेकिन तीन घंटे बाद भी करंट बंद नहीं किया गया। इतनी देर में बोगी कोयले में लगी आग और बढ़ गई। आग फैलती देख रेलवे अधिकारियों ने वार्ता कर करंट बंद कराया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।