फीरोजाबाद। पारा चढ़ने के साथ ही सुहागनगरी के बाशिंदों को बिजली कटौती का दंश झेलना होगा। वसूली का लक्ष्य पूरा न होने पर सात मार्च से विद्युत कटौती के समय में बढ़ोत्तरी कर दी जाएगी। ऐसे में विभागीय कर्मचारी अपनी दस सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर चले गए।
प्रदेश सरकार को विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों द्वारा अल्टीमेटम के अनुसार सात मार्च का समय पूरा हो रहा है। सात मार्च तक सरकार को छह सौ करोड़ रुपये का भुगतान पूरा करना है। भुगतान के लिए सरकार द्वारा अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए गए थेे। सुहागनगरी को हर माह 30 करोड़ की बिजली दी जाती है लेकिन विभाग 30 फीसदी तक की वसूली नहीं कर पाता। अधीक्षण अभियतां बीएस गंगवार का कहना है कि अगर सात मार्च की शाम तक भुगतान नहीं हुआ तो कटौती के समय में बढ़ोत्तरी कर दी जाएगी। राजस्व को लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए बकाएदारों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जा रही है। दो हजार रुपये के बकाएदारों के खिलाफ आरसी जारी कर दी गई है।
अधीक्षण अभियंता को सौंपा मांगपत्र
राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन के पदाधिकारियों द्वारा दस सूत्रीय मांगपत्र अधीक्षण अभियंता बीएस गंगवार को सौंपते हुए हड़ताल की घोषणा कर दी। ज्ञापन देने वालों मेंराजीव पुष्कर, सुधीर कुमार, आरएस सैंगर, यशपाल सिंह आदि शामिल थे। कर्मचारियों ने कहा कि वह 11 मार्च तक हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान मांग पूरी नहीं होती हैं तो हड़ताल आगे बढ़ा दी जाएगी।