टूंडला। इटावा में आयोजित सेना भर्ती साक्षात्कार से लौटे युवकों ने नगर के मुख्य बाजार में जमकर हंगामा काटा। इन युवकों ने ऑटो चालकों, ठेलवालों व बाइक सवारों के साथ मारपीट की व सामने आने वाले लोगों से धक्कामुक्की की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह उन्हें सुुभाष चौराहे तक पहुंचाया।
शुक्रवार सायं चार बजे टूंडला के बाजार में अजीबो-गरीब स्थित बन गयी। इस दौरान इटावा में सेना की भर्ती के लिए गये सैकड़ों युवा लौटते हुए ट्रेन से उतरकर नगर के बाजार में पहुंचे थे। इन युवाओं ने बाजार में भीड़ को देख शोर-शराबा करना शुरू कर दिया। यहीं नहीं उन्होंने सामने जो भी आया उसे धकिया दिया। युवाओं ने बाइक सवारों, ठेलवालों खासकर ऑटो चालकों के साथ मारपीट कर दी। इससे बाजार में लोग परेशान हो गये। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गयी। पुलिस को देख युवाओं की गतिविधियां कुछ कम हुई गई। किसी तरह पुलिस उन्हें सुभाष चौराहे तक ले गयी। जहां से उन्हें विविध वाहनों से रवाना किया गया।