फीरोजाबाद। किड्स कार्नर हैप्पी किड्स स्कूल की एल्युमनाई मीट में भूतपूर्व छात्रों ने स्कूल कैंपस में जमकर धमाल मचाया। स्कूल के पुराने दिनों की याद के साथ उनकी आंखों में आंसू आ गए।
कामेडी सर्कस व लाफ्टर चैलेंज में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले ‘राजा रैंचो’ ने लोगों को खूब हंसाया। राजा ने शायरी सुनाई कि वो छम छम करती आई, छम छम करते चली गई, मैं सिंदूर लेकर खड़ा था, तभी रैंचो (बंदर) कहता है वह राखी बांधकर चली गई। यह सुनकर लोग लोटपोट हो गए।
एल्युमनाई मीट में छात्रों से रूबरू होते हुए आईआईटी कानपुर के छात्र रजत अरोड़ा ने कहा कि गुरु की डांट स्कूल में बुरी जरूर लगती है, लेकिन जीवन के हर मोड़ पर वह डांट कारगर साबित होती है। पहले स्कूल जाने का डर होता था, अब स्कूल से आने का डर रहता है। मस्ती के साथ पढ़ाई पर जरूर ध्यान दे। क्योंकि जीवन में पढ़ाई का आनंद किसी प्रेशर के साथ नहीं बल्कि खुशी के माहौल से है। एल्युमनाई मीट में झांसी से आए एमएलबी कालेज के लेक्चरर डॉ. अंशुल जैन ने कहा कि स्कूल के दिनों को कभी नहीं भूल सकता। इकोनॉमिक एडवाइजर टू प्राइम मिनिस्टर अंशुल पचौरी ने कहा कि स्कूल में पढ़ते समय कभी सोचा नहीं था कि मैं यहां तक पहुंच सकता हूं। शिक्षकों के प्रोत्साहन और स्कूल के माहौल ने उनके जीवन में पढ़ाई के प्रति जोश व जुनून पैदा कर दिया।
कार्यक्रम में स्कूल की छात्राओं नेे फ्यूजन डांस भी किया। रिचर्ड जैम्स फ्रांसेस द्वारा संगीत के कार्यक्रम में पूर्व छात्रों ने खूब आनंद उठाया। इससे पहले कार्यक्रम का उद्घाटन कालेज के पूर्व छात्र नगर विधायक मनीष असीजा, महावीर जैन, राजीव भारद्वाज ने स्कूल की संस्थापक माता सुखरानी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस मौके पर विद्यालय कि मैनेजर मुकुल भटनागर, निदेशक मयंक राज भटनागर, प्रधानाचार्य कुसुमरानी भटनागर, विवेक अग्रवाल आदि मौजूद थे।