फिरोजाबाद। जिले के 94 ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए चार ब्लॉकों के 44 बूथों पर शनिवार को शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हो गया। हालांकि मतदान के प्रति ग्रामीणों में कोई खास उत्साह देखने को नहीं मिला। सदस्य पद जीतने के लिए एक-एक वोटर को खोजकर बूथ तक पहुंचाने की जद्दोजहद में ग्राम पंचायत सदस्य दिखाई दिए।
जिले के 7196 ग्राम पंचायत सदस्यों में 3367 पदों पर नामांकन नहीं आने के कारण चुनाव नहीं हो सका था। नामांकन एवं नाम वापसी के बाद जिले में 3257 ग्राम पंचायत सदस्यों का निर्वाचन निर्विरोध हो गया था। सिर्फ 94 पदों के लिए 44 बूथों पर मतदान शनिवार को प्रारंभ हुआ। सुबह सात बजे से ही मतदान प्रक्रिया प्रारंभ हुई तो मतदाताओं के आने का क्रम प्रारंभ हो गया। फिरोजाबाद ब्लॉक में एसडीएम सदर राजेश कुमार वर्मा, तहसीलदार डॉ. संतराज सिंह टीम के साथ सक्रिय रहे। उन्होंने बजीरपुर जेहलपुर, सुजातगढ़, कुर्रीकूपा, तोतलपुर, नगला चूरा,नगला मवासी, नगला भाव सिंह, फतेहपुर आनंदीपुर, बिलहना के साथ नूरपुर में मतदान का निरीक्षण किया। एसडीएम जसराना कुमार चंद्र ज्वालिया व सीओ कमलेश कुमार ब्लॉक एका के नगला गजू, मिलावली, गढ़ी सिरसेला, पतारा, नगला वावन, आलमपुर, सुनाव एवं धर्मपुर में मतदान केंद्र देखने पहुंचे। ब्लॉक मदनपुर क्षेत्र में एसडीएम नवनीत गोयल के साथ ही सीओ सिरसागंज टीम के साथ सक्रिय रहे। उन्होंने मतदान केंद्र खोरई अजनौरा, टोडसी, खोड़ई, नगला मुंशी, नगला दुली, नगला पैज, नगला खंगर, माड़ई, लाहरऊ, नगलातुला में मतदान हुआ। शिकोहाबाद ब्लाक में एसडीएम देवेंद्र पाल सिंह,सीओ देवेंद्र कुमार ने इंदुमई, अधमपुर, गोविंदपुर, राजपुर बलाई, नगला महुआ, ततारपुर, नगला रामचंद्र, गढ़ीदान सहाय, कुतुकपुर बरियारमऊ व मेवली आदि गांवों में बनाए बूथों पर दस्तक दी। मतदान समाप्त होेने के बाद मतपेटिकाओं को संबंधित ब्लॉकों में बनाए गए स्ट्रांगरूम में बीडीओ के निर्देशन में जमा कराया गया। अब मतगणना 14 जून को होगी।
कुर्रीकूपा में सास-बहू आमने-सामने
फिरोजाबाद। सदर ब्लॉक की ग्राम पंचायत कूर्रीकूपा में वार्ड सात में किरन देवी एवं उनकी बेटे की बहू रेखा देवी ही ग्राम पंचायत सदस्य पद पर आमने-सामने दिखाई दी। दोनों के एक वार्ड से नामांकन किए जाने के कारण दोनों एक दूसरे को मात देने की कोशिश में जुटी थी। कमोवेश यही हाल सुजातगढ़ में देखने को मिला। यहां चाची, सास एवं भतीजे की बहू चुनाव लड़ रहे हैं।
जिले के 44 बूथों पर 64.96 प्रतिशत हुआ मतदान
फिरोजाबाद में कब कितना हुआ मतदान....
जोन नौ बजे 12 बजे तीन बजे छह बजे
फिरोजाबाद 25 51 62 67.32
शिकोहाबाद 25 45 60 69.77
जसराना 17 56 62 71.00
सिरसागंज 08 32 45 51.76
कुल 18.75 46.00 57.25 64.96