फिरोजाबाद। थाना दक्षिण क्षेत्र में एक चूड़ी व्यापारी से साइबर ठगो ने रिश्तेदार बनकर ऑपरेशन कराने के नाम पर 88 हजार रुपये की ठगी कर दी। जब व्यापारी ने परिजन को जानकारी दी तो परिजन ने उक्त रिश्तेदार को फोन किया तब पता चला कि उसके साथ ठगी की गई है। व्यापारी ने साइबर सेल को सूचना देन के साथ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। मोहल्ला नई बस्ती नंदराम चौक निवासी श्रीभगवान गुप्ता एक चूड़ी व्यापारी हैं। 10 जनवरी को उनके पास एक नंबर से मैसेज आने के बाद कॉल आई। कॉल पर खुद को व्यापारी का रिश्तेदार बताकर बीमार होने की दुहाई दी। इसके बाद ठग ने व्यापारी से करीब एक लाख रुपये की मांग की, लेकिन व्यापारी ने तंगी चलने की बात कहकर पहले गूगल पे और उसके पेटीएम मनी ट्रांसफर के जरिए 88 हजार रुपये की रकम ठग द्वारा दिए गए नंबर पर भेज दी। इसके बाद व्यापारी ने रिश्तेदार के बीमार होने की जानकारी परिजन को दी।
परिजन ने जब उक्त रिश्तेदार को फोन किया तो ठगी के पूरे मामले से पर्दा उठ गया। व्यापारी ने मामले की शिकायत साइबर थाने पर की। थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।