खैरगढ़ के गांव नगला हिम्मत में बीमारियों ने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। घर-घर में लोग डायरिया, खुजली एवं बुखार से पीड़ित हैं। बीमारियां फैलने की सूचना पर शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में डेरा जमा लिया। मरीजों को दवाएं वितरित की गईं। टीम ने 87 मरीजों को दवाईयां वितरित कीं।
गर्मी के मौसम में गांव नगला हिम्मत में घर-घर में चारपाई बिछी हुई हैं। किसी घर में तो परिवार के सभी सदस्य बीमारी की चपेट में हैं। गांव में वायरल फैलने की खबर जिला स्वास्थ्य विभाग को मिली तो सीएमओ दफ्तर के अलावा खैरगढ़ स्वास्थ्य केंद्र से चिकित्सकों की टीम ने गांव में डेरा जमा लिया। डॉ संजीव कुमार, डॉ शाकिर, डॉ रविंद्र भदौरिया सहित अन्य स्टॉफ ने मरीजों का इलाज किया। करीब 12 मरीज डायरिया से पीड़ित थे। जबकि अन्य मरीज खुजली, बुखार, फुंसी-फोड़े आदि रोग से पीड़ित थे। मरीजों के स्वास्थ्य परीक्षण के बाद दवाएं वितरित की गईं। गांव में एक साथ 87 लोगों के बीमार होने पर हड़कंप मचा हुआ है। इनमें बच्चे, युवा, बुजुर्ग सभी शामिल हैं।
बीमारियों से बचने के लिए सुझाव
- शुद्ध पानी पिए।
- कटे फलों का सेवन ना करें।
- ताजा भोजन का सेवन करें।
- झोलाछाप से दवाएं ना लें।
- धूप में जाने से पहले भरपेट पानी पी लें।
गांव नगला हिम्मत में बीमारियां फैलने की खबर मिली तो टीम को इलाज के लिए भेज दिया गया। अगर अन्य क्षेत्र में भी लोग बीमार हैं तो सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर इलाज कराएं या फिर तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचित करें। झोलाछाप से इलाज कराने से लोग बचें।
डॉ विनोद कुमार, सीएमओ