फिरोजाबाद। मरीजों को सर्वाइकल कैंसर की जांच के लिए मेडिकल कॉलेज की दौड़ नहीं लगानी होगी। यह जांच गांवों में खुले 78 हेल्थ वेलनेस सेंटर पर निशुल्क हो जाएगी। हेल्थ कम्युनिटी ऑफिसर (सीएचओ) मरीजों का उपचार करेंगे।
जिले में 140 हेल्थ वेलनेस सेंटरों का संचालन हो रहा है। अब तक यहां ब्लड प्रेशर और शुगर आदि की जांच की ही व्यवस्था थी। सर्वाइकल कैंसर की जांच के लिए लोगों को मेडिकल कॉलेज की दौड़ लगानी पड़ती है। लोगों को परेशानी से बचाने और बेहतर इलाज की सुविधा के लिए 78 वेलनेस सेंटरों को उच्चीकृत किया जा रहा है। यहां पर सर्वाइकल कैंसर जांच की व्यवस्था के लिए शासन की ओर से सीएमओ के पास आदेश आया है। जांच मशीन खरीदने के लिए शासन ने 103.70 लाख रुपये का बजट जारी किया है। सीएमओ डॉ. नरेंद्र कुमार ने बताया कि पहले चरण में 78 सेंटरों पर सर्वाइकल जांच मशीन खरीदने के लिए शासन ने बजट स्वीकृत किया है। उन्होंने बताया कि उप स्वास्थ्य केंद्रों को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में बदल दिया गया है। यहां ब्लड शुगर, बीपी, एचआईवी, टीबी, कोलेस्ट्राल की स्कैनिंग की जाएगी। 78 सेंटर ऐसे हैं जहां पर मुंह कैसर, सर्वाइकल कैंसर जैसी बीमारियों की स्कैनिंग सहित अन्य जांच की व्यवस्था की जाएगी। सभी सेंटरों को टेलीमेडिसिन सेवा से जोड़ा गया है। मरीजों का इलाज पहले सीएचओ करेंगे। इसके बाद स्थिति में सुधार न होने पर टेलीमेडिसिन के माध्यम से पीएचसी या फिर सीएचसी के डॉक्टर से संपर्क कर इलाज किया जाएगा। संवाद