फिरोजाबाद। सुहागनगरी में शनिवार को सुबह से श्रद्धालुओं ने मातारानी के आठवें स्वरूप महागौरी का आह्वान किया। वहीं दोपहर के बाद रामनवमी भी मनाई गई। सुबह से शहर व देहात क्षेत्रों में नेजा चढ़ाने वालों की धूम रही। श्रद्धालु पैदल व वाहनों से मंदिरों में नेजा चढ़ाने पहुंचे।
नवरात्र महोत्सव के आठवें दिन अष्टांग योग की अधिष्ठात्री महागौरी की विधि विधान से पूजा अर्चना की। इसके उपरांत महिलाएं पूजा का थाल सजाकर मातारानी के दर्शन को मंदिरों में पहुंची। यहां दीप जलाकर माता की स्तुति कर प्रसाद वितरण किया। अष्टमी व नवमी एक ही दिन होने के कारण सुबह से मंदिरों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। घरों में महिलाओं ने कन्या-लांगुरों को भोजन कराकर दान-दक्षिणा दी। मां राज राजेश्वरी कैलादेवी मंदिर पर मातारानी केे भव्य फूल बंगला के दर्शनों को श्रद्धालु उमड़े।
उसायनी स्थित मां वैष्णोदेवी धाम पर भी सुबह से दोपहर तक हवन पूजन का कार्यक्रम चलता रहा। मां वैष्णो के दर्शनों को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कोटला रोड स्थित माता पथवारी मंदिर सहित प्रमुख मंदिरों में देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
श्रीराम मंदिर में धूमधाम से मनाया रामनवमी महोत्सव
रामनवमी के अवसर पर घंटाघर स्थित श्रीराम मंदिर में हवन पूजन, अभिषेक के बाद मंत्रोच्चार के साथ आरती हुई। इसके उपरांत श्रीराम का भव्य फूलबंगला सजाया गया। भंडारे में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मौके पर महंत डॉ. रामकुमार शर्मा, पंडित शिवम तिवारी, सुभाष वर्मा, शिवांशु शर्मा, अमित उपाध्याय, अभिषेक शर्मा, हरी शर्मा, मधुकर वर्मा सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद थे।