फिरोजाबाद। हर रोज डेंगू नए इलाकों में दस्तक दे रहा है। कभी शहरी क्षेत्र में ज्यादा मरीज पॉजिटिव आ रहे हैं तो कभी देहात क्षेत्रों में। लेकिन नगरिया पदम डेंगू का हॉटस्पॉट बन गया है। यहां लगातार मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ रही है। शुक्रवार को भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अभियान चलाकर कैंप लगाए। वहीं, घर-घर जाकर लार्वा की जांच की।गांव नगरिया पदम में 18 वर्षीय छोटू, 18 वर्षीय हरीकिशन और 53 वर्षीय भगनेश की एलाइजा जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इस गांव में डेंगू के अभी तक 10 से ज्यादा मरीज पॉजिटिव मिल चुके हैं। वहीं, घर-घर बुखार के मरीज होने से क्षेत्र में टीमें लगातार भ्रमण कर रही हैं। टीम ने कैंप लगाकर मरीजों को दवा वितरित की। एका में 13 वर्षीय प्रियांशी, सुहागनगर में 36 वर्षीय रविकांत की रिपोर्ट में डेंगू आया है। खैरगढ़ के गांव दरिगपुर में 28 वर्षीय अल्का और नगला पंचम में 26 वर्षीय आकाश की रिपोर्ट में डेंगू पॉजिटिव आया है। डेंगू के मामले बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। हालांकि डेंगू की रफ्तार को थामने के लिए प्रशासन ने अभी तक कोई रणनीति तैयार नहीं की है। शहर से लेकर गांव में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। अभी भी कई स्थानों पर जलभराव होने से डेंगू के मामलों में इजाफा हो रहा है। एसीएमओ डाॅ. पवन कुमार ने बताया कि डेंगू के सात नए मामले आए हैं। हमारी टीमें डेंगू प्रभावित इलाकों में भ्रम्रण कर रही हैं।