फिरोजाबाद। सीडीओ दीक्षा जैन ने शिकोहाबाद ब्लाॅक के परिषदीय स्कूलों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्राथमिक स्कूल मैयामई में गंदगी और छात्र संख्या कम पाए जाने पर उन्होंने पूरे स्टाफ का वेतन रोकने के निर्देश दिए।सीडीओ दीक्षा जैन ने बीएसए आशीष कुमार पांडेय के साथ प्राथमिक स्कूल मैयामई पहुंची। इस दौरान पंजीकृत 49 छात्र-छात्राओं के सापेक्ष 32 उपस्थित मिले। अधिकांश बच्चे बिना यूनीफार्म के कक्षा में बैठे थे। रसोईघर और खाद्यान में गंदगी पाए जाने पर रसोईया को हटाने के निर्देश दिए। वहीं शौचालय में सफाई नहीं थी और मूत्रालय भी अपूर्ण था। छात्र संख्या कम होने और अव्यवस्था पाए जाने पर प्रधानाध्यापक सुनहरी लाल सिंह सहित पूरे स्टाफ का वेतन और मानदेय पर रोक लगाने के निर्देश दिए। इसके बाद वे उच्च प्राथमिक स्कूल लभौआ पहुंची। यहां पंजीकृत 167 छात्र-छात्राओं के सापेक्ष 93 उपस्थित मिले। सीडीओ ने अव्यवस्थित शौचालय की सफाई कराने के निर्देश दिए।