टूंडला के आगरा हाईवे पर पचोखरा पशुहाट में पशु बेचकर लौट रहे एक व्यापारी से कार सवार बदमाशों ने 65 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर पिटाई कर चलती कार से फेंक दिया।
आगरा के थाना खैरगढ़ के गांव नगला पहाड़ी निवासी पशु व्यापारी गंगाराम शुक्रवार दोपहर पचोखरा पशु हाट में पशु बेचकर घर जाने के लिए चला था। आगरा जाने के लिए वह टूंडला के सुभाष चौराहे पर पहुंचकर वाहन का इंतजार कर रहा था तभी वहां एक सफेद रंग की इंडिगो कार आकर रुकी। कार चालक ने आगरा चलने को कहा तो वह उसमें सवार हो गया। ओवरब्रिज निकलते ही कार सवार बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उसके पास मौजूद 65 हजार रुपये लूट लिए।
विरोध करने पर उसकी पिटाई कर जान से मारने की धमकी दी। लूटपाट करने के बाद बदमाश उसे एफएच मेडिकल कालेज के निकट हाईवे किनारे फेंक कर फरार हो गए। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। बदमाशों की तलाश की गई लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला।