फिरोजाबाद। विश्वकर्मा श्रम सम्मान एवं हस्तशिल्प प्रोत्साहन योजना के क्रियान्वयन पर आचार संहिता ने ब्रेक लगा दिया है। दोनों योजनाओं के लाभ पाने के लिए 6000 अभ्यर्थियों के आवेदन अधर में लटक गए हैं। वही पूर्व में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके कई अभ्यर्थी अब प्रमाण पत्र टूलकिट के लिए विभाग के चक्कर काट रहे हैं।
उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास द्वारा अलग-अलग 12 ट्रेड काम करने वाले श्रमजीवियों व कामगारों के हुनरमंद बनाने के लिए प्रशिक्षित किया जाता है। प्रशिक्षण सत्र में नियमित भाग लेने वाले कामगारों को विभाग द्वारा नि:शुल्क टूल किट व प्रशिक्षण प्रमाण पत्र दिए जाते हैं। वित्तीय वर्ष 2023-24 में मिले लक्ष्य के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके लाभार्थियों में अधिकांश कामगारों को टूलकिट व प्रमाण पत्रों का वितरण किया जा चुका है। लेकिन निदेशालय स्तर से प्रशिक्षण प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं होने के कारण कई प्रशिक्षणार्थी अभी टूलकिट से वंचित हैं। वे विभाग के चक्कर काट रहे हैं।
विभाग के चक्कर काटने वालों में वित्तीय वर्ष 2024-25 में योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वाले लगभग 6000 से अधिक कामगार भी हैं। जो प्रशिक्षण के संबंध में जानकारी के लिए विभागीय कर्मचारियों से संपर्क साध रहे हैं।
इन ट्रेडों में मिलता है प्रशिक्षण व टूलकिट
विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत उद्योग विभाग द्वारा करीब 12 ट्रेडों में कामगारों के हुनर को निखारने के लिए प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। नियमित प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले लाभार्थियों को संबंधित ट्रेड से जुड़े टूलकिट नि:शुल्क दिए जाते हैं। इनमें दर्जी, हेयर ड्रेसर, कुंभकार, कारपेंटर, साफ्ट टायस, लोहार, हलवाई, डाई मेकिंग आदि ट्रेड शामिल हैं।
आवेदन प्रक्रिया चालू होने के कारण बढ़ रहीं आवेदकों की फ़ेहरिस्त
विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था है। फिलहाल योजना का पोर्टल खुला हुआ है। ऐसे में सीएचसी व जन सेवा केंद्र संचालक विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना एवं हस्तशिल्प प्रोत्साहन योजना के आवेदन करने में जुटे हैं। इस कारण दोनों योजनाओं के आवेदकों की फ़ेहरिस्त दिन पर दिन लंबी होती जा रही है।
-
-2023-24 के तहत मिले लक्ष्य के सापेक्ष अधिकांश लाभार्थियों को विश्वकर्मा योजना के तहत टूलकिट व प्रशिक्षण प्रमाण पत्रों का वितरण किया जा चुका है। कुछ लाभार्थी प्रमाण पत्र जारी नहीं होने के कारण टूल किट से वंचित है। नए आवेदनों पर चुनाव आचार संहिता के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दुष्यंत कुमार, उपायुक्त उद्योग