शिकोहाबाद। तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने शिकायतों को सुनते हुए समाधान के निर्देश दिए। कुल 52 शिकायतें आईं, जिनमें से सिर्फ पांच का ही मौके पर निस्तारण हो सका। इस दौरान जिलाधिकारी रमेश रंजन ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए। उनका शत-प्रतिशत निस्तारण करने का प्रयास करना चाहिए। एक सप्ताह के अंदर लंबित शिकायतों का निस्तारण किया जाए।
इस दौरान संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 52 फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। जिनमें सर्वाधिक शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित थीं। इसके अलावा कुछ शिकायतें नगर पालिका, पुलिस एवं विद्युत विभाग से संबंधित रहीं। अधिकारियों ने 52 शिकायतों में से पांच शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया। शेष शिकायतों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को एक सप्ताह के अंदर निस्तारित करने के निर्देश के साथ सौंपा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन, एसडीएम आदेश सिंह सागर, जिला सूचना अधिकारी दयाशंकर सिंह, तहसीलदार राखी शर्मा, वन क्षेत्राधिकारी उपासना सिंह, एसडीओ विद्युत मनोज महाजन, अधिशाषी अधिकारी सुरेंद्र प्रताप सिंह समेत अन्य कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।