स्टेशन रोड स्थित एक कांच फर्म पर सर्वे की कार्रवाई करती जीएसटी विभाग की टीम
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। स्टेट जीएसटी टीम द्वारा बृहस्पतिवार की शाम को शहर में दो कांच इकाइयों पर सर्वे की कार्रवाई के बाद दोनों पर करीब साढे़ पांच लाख का जुर्माना लगाया है। जीएसटी अफसरों के मुताबिक दोनों जगहों पर खामियां मिली हैं। विभाग को दर्शाए गए स्टॉक व मौके पर मिली स्थिति में अंतर मिलने पर जुर्माना निर्धारण की कार्रवाई की गई।
स्टेट जीएसटी मोबाइल टीम के प्रभारी डॉ सतीश कुमार सिंह के निर्देशन में बृहस्पतिवार को स्टेशन रोड स्थित अली ब्रदस और क्रिएशन आर्ट कांच इकाइयों पर सर्वे की कार्यवाही हुई थी। दोनों इकाइयों में बृहस्पतिवार की देर शाम तक सर्वे की कार्रवाई चली। सर्वे के दौरान दोनों फर्मों में जमा और दर्शाए स्टॉक में अंतर मिलने की बात सामने आई। एक फर्म द्वारा गत वर्ष करीब 34 लाख का कर जमा कराया गया था। जबकि इस बार उक्त के सापेक्ष महज चार लाख रुपये का कर दायित्व ही घोषित किया गया। जिसके मद्देनजर सर्वे की कार्रवाई हुई। ज्वाइंट कमिश्नर उमाशंकर के निर्देशन पर हुए सर्वे में दोनों जगहों दस्तावेज और मौके पर मिले स्टॉक में अंतर मिला है। दोनों पर कुल पांच लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।