फिरोजाबाद। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर मरीजों की सेवा करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को समायोजन का तोहफा मिल गया है। आउटसोर्सिंग के माध्यम से रखे गये कंप्यूटर ऑपरेटर, लैब टेक्नीशियन और ओटी टेक्नीशियन को ब्लाॅकों व एनएचएम के विभिन्न कार्यक्रमों में रिक्त पदों पर निर्धारित मानदेय पर रखा जाएगा। चिकित्सा स्वास्थ्य व परिवार कल्याण प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने जिला स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष को पत्र लिखकर समायोजन का निर्देश दिया है।
कोरोना संक्रमण के दौरान आउटसोर्स पर नियुक्त हुए स्वास्थ्यकर्मियों की सेवा विगत 31 जुलाई को समाप्त हो गई थी। बेरोजगार हुए स्वास्थ्यकर्मियों ने डीएम से लेकर डिप्टी सीएम तक फरियाद लगाई थी। इससे प्रमुख सचिव ने जिला स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष को पत्र लिखकर बताया कि 15वें वित्त आयोग के तहत विभिन्न विकासखंडों में डाटा इंट्री ऑपरेटर की नियुक्ति की जानी है, जिसमें कोविड के समय के कंप्यूटर ऑपरेटर को रखा जाए। एनएचएम के विभिन्न कार्यक्रमों में लैब अटेंडेंट व ओटी टेक्नीशियन के पद रिक्त हैं, जिनके कोविडकर्मियों को ही समायोजित किया जाए। इसी प्रकार लैब टैक्नीशियन, वेंटिलेटर टेक्नीशियन व अन्य कर्मियों को भी समायोजित किया जाना है।
-
पद - कर्मियों की संख्या
कंप्यूटर ऑपरेटर - 9
- एलटी - 25
ओटी टेक्नीशियन- 8
-
रिक्त पदों की मांगी गई जानकारी, जल्द होगा समायोजन
-एनएचएम के विभिन्न कार्यक्रम के तहत रिक्त पदों की जानकारी संबंधित पटल सहायकों से मांगी गई है। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक के बाद कर्मियों को समायोजित किया जाएगा।
डाॅ. पवन कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी