फिरोजाबाद। जुलाई व अगस्त में जिले में 39 लाख 16580 पौधों का रोपण होगा। शासन ने वर्षाकाल में पौधरोपण को विभाग वार लक्ष्य का निर्धारण कर दिया है। 26 विभाग 23 लाख 16580 पौधों का रोपण करेंगे। शेष करीब 16 लाख पौधे वन विभाग की ओर से रोपे जाएंगे। सभी विभागों को पौधरोपण के लिए भूमि चिह्नित करने का काम तेजी से पूरा कराने के निर्देश हैं।
इस साल वर्षाकाल के दौरान वृहद पौधरोपण की तैयारी शुरू हो गई है। वृहद अभियान के दौरान जिले में 39 लाख 16560 पौधों का रोपण होगा। पौधरोपण के लिए 27 विभागों की जिम्मेदारी तय की गईं हैं। इनमें शिक्षा, स्वास्थ्य, पीडब्ल्यूडी, उद्योग, श्रम, पंचायती राज एवं कृषि विभाग के अलावा राजस्व विभाग को 23 लाख 16580 पौधे रोपने का लक्ष्य दिया गया है। वहीं अभियान के नोडल वन विभाग को 16 लाख पौधों का रोपण करना होगा। जुलाई-अगस्त में पौधरोपण का कार्य पूरा कराने के लिए सभी विभागों को अभी से ही भूमि चिह्नित करने को कहा गया है तथा रोपण स्थलों की सूचना वन विभाग को देनी होगी। वन विभाग के बाद ग्राम विकास विभाग को सर्वाधिक 12 लाख 38 हजार पौधे रोपने का लक्ष्य दिया गया है। प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी विकास नायक के अनुसार पौधे रोपण को निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति के लिए सभी विभागों को सूची जारी कर दी गई है।