रजवाहा कटने से खेतों में भरा पानी निकालते किसान
- फोटो : सांकेतिक
- किसानों को हुआ भारी नुकसान, प्रशासन से लगाई मदद की गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसागंज। शनिवार की रात काफी दिनों से सूखे पड़े रजवाहे में भोगनीपुर ब्रांच नहर विभाग द्वारा अचानक पानी छोड़ दिया गया। नहर विभाग द्वारा छोड़ा गया पानी किसानों की आलू की फसल के लिए आफत बन गया। ग्राम भडपुरा में पुलिस जाम होने के कारण पानी की निकासी नही हो सकी और रजवाहे के पानी ने पटरियां काट दी जिससे दो किसानों की 30 बीघा आलू की फसल डूब हो गयी।
शनिवार की रात नहर विभाग ने जब भोगनीपुर ब्रांच के रजवाहे में पानी की सप्लाई छोड़ी तो भड़पुरा के पास रजवाहे की पुलिया में जमा कचड़े, पत्थर और रुकावट के कारण पानी की निकासी पूरी तरह से नहीं हो पाई। जिसके कारण रजवाहा ओवरफ्लो हो गया। पानी का दबाव इतना अधिक था कि ग्राम एदलपुर के पास रजवाहे की पटरी कट गई और देखते ही देखते खेतों में खड़ी आलू की तैयार फसलें पानी में डूब गईं। ग्रामीणों को जब इस घटना की जानकारी मिली तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे और रात के अंधेरे में ही काफी मशक्कत के बाद पुलिया के अंदर फंसे कचरे और पत्थर को साफ किया। इसके बाद कटी हुई पटरी को बंद कर पानी के बहाव को रोकने का प्रयास किया गया। लेकिन तब तक कई किसानों की आलू की फसलें जलमग्न हो चुकी थीं। किसान राहुल ने बताया कि ग्राम भड़पुरा के पास पुलिया में फंसे पत्थरों और कचड़े के कारण रजवाहा ओवरफ्लो हुआ। इस लापरवाही के कारण कई किसानों के लगभग 30 बीघा खेत में लगी आलू की फसल पानी में पूरी तरह से डूब गई है। अब हम पंप सेट लगाकर अपने खेतों से पानी निकाल रहे हैं लेकिन फसल को हुए नुकसान की भरपाई मुश्किल है। नहर विभाग को सूचना दिए जाने के बाद रजवाहे के पानी का बहाव तो कम कर दिया गया है लेकिन किसानों को लाखों का नुकसान हो चुका है। प्रभावित किसान नवीन कुमार तिलियानी, जितेन्द्र कुमार निवासी ऐदलपुर ने तत्काल मामले का संज्ञान लेने और हुए नुकसान के एवज में आर्थिक सहायता प्रदान करने की अपील की है।