जिले के तीन लाख 32 हजार परिवारों को जनवरी 2016 से गेहूं और चावल सस्ती दर से मिल सकेगा। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत दो रुपये किलोग्राम की दर से गेहूं और तीन रुपये किलोग्राम की दर चावल मिलेगा। शासन ने इन परिवारों के लिए खाद्यान्न का भी आवंटन विभाग को कर दिया है। इसकी फीडिंग कराने का काम पूर्ति विभाग में युद्ध स्तर पर चल रहा है।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन को जिले में प्राथमिकता से लागू कराने की तैयारी डीएम विजय किरन आनंद के निर्देशन में चल रही है। पहले इसे जिले की नगर पालिका परिषद शिकोहाबाद क्षेत्र में जनवरी 2016 से शुरू करने की प्लानिंग थी। यहां के राशन कार्डों को सीधे आधार कार्ड से लिंकअप करने का काम तेज गति से चल रहा था। लेकिन शासन के निर्देश के बाद इसे समूचे जिले में प्रभावी ढंग से लागू करने का काम शुरू कर दिया गया। पूर्ति विभाग ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के अंतर्गत आने वाले परिवारों की संख्या का भी अलग से डाटा तैयार कर लिया है। इसके हिसाब से जिले को खाद्यान्न का आवंटन भी कर दिया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि जिले में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत 32,521 अंत्योदय कार्ड धारकों को प्रतिमाह 15 किलोग्राम गेहूं एवं 20 किलोग्राम चावल निर्धारित दर से मिलेगा। वहीं दो लाख 99 हजार 316 परिवारों को सवा तीन किलोग्राम प्रति यूनिट की दर से गेहूं दो रुपये प्रति किलोग्राम की दर से और डेढ़ किलोग्राम प्रति यूनिट चावल तीन रुपये प्रति किलोग्राम की दर से मिलेगा। इसी हिसाब से जिले को खाद्यान्न का आवंटन किया गया है।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के खास बिंदु...
- राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के अस्थाई राशन कार्ड अपने राशन विक्रेता से प्राप्त कर लें।
- यह नया कार्ड परिवार की महिला मुखिया के नाम जारी हुआ होगा।
- राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के राशन कार्ड की फोटो प्रति कराने के बाद खामियों को सुधारते हुए राशन विक्रेता के पास जमा करा दें।
- अस्थाई कार्ड राशन विक्रेता से प्राप्त करके अपने पास रखे। मार्च 2016 तक इसी कार्ड से राशन सामग्री को प्राप्त कर सकेंगे।
- अप्रैल 2016 में विभाग की ओर से सही कार्ड जारी कर दिया जाएगा।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन को आवंटित खाद्यान्न
-----------------------------------
कार्ड की कैटेगरी गेहूं चावल
अंत्योदय कार्ड धारकों- 487.815 650.42 मीट्रिक टन
अन्य परिवारों के लिए 4960.102 2125.758 मीट्रिक टन
-----------------------------------
कुल 5447.917 - 2776.178 मीट्रिक टन
----------------------------------
फार्म फीडिंग, खाद्यान्न आवंटन में जुटा विभाग
फीरोजाबाद (ब्यूरो)। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन को जिले में एक जनवरी से लागू करने के लिए जिले भर के सभी ऑपरेटरों को कार्यालय में तलब कर लिया गया है। इनके माध्यम से कार्डों की फीडिंग के साथ मिलान आदि का भी काम प्रभावी ढंग से चल रहा है। शासन से मिले जिले को खाद्यान्न आवंटन का भी पहले तहसीलवार, बाद में कस्बे एवं ग्राम पंचायतवार भी निकाला जा रहा है। जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी रीतेश चंद्रा एवं इंस्पेक्टर चंदन पांडेय भी काम को निपटाने में जुटे हैं।
तहसीलवार राशन डीलरों की बैठक
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन को लागू करने के लिए जिले की चार तहसीलों के राशन डीलरों की बैठक हो चुकी है। टूंडला तहसील के राशन डीलरों की बैठक 22 दिसंबर को होगी।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन को एक जनवरी से जिले में प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। इसकी पूरी प्लानिंग कर ली गई है। जिन लोगों ने ऑन लाइन आवेदन किया है, वे उसी राशन विक्रेता से संपर्क करें, जिसका नाम उन्होंने भरा था।
राकेश कुमार
जिला पूर्ति अधिकारी फीरोजाबाद।