ऑनलाइन व्यापार के नाम पर दो भाइयों से ठगे ढाई लाख
पीडितों ने दर्ज कराई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
टूंडला। साइबर ठग लोगों को मोबाइल पर विविध प्रकार के लालच और झांसा देकर ठगी कर रहे हैं। ऐसे ही घर बैठे ऑन लाइन व्यापार करने का झांसा देकर दो सगे भाइयों से ढाई लाख रुपए की ठगी कर ली। पीड़ित ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नगर के गणेश नगर कालोनी निवासी विपिन कुमार के पास नवंबर 2022 में ऑन लाइन व्यापार करके हजारों रुपये कमाने को लेकर फोन आया था। फोन करने वाले ने उनका पता पूछकर उन्हें एग्रीमेंट के लिए कुछ दस्तावेज भेजे थे। उन्होंने हस्ताक्षर कर कागजात वापस भेज दिए। कुछ दिन बाद उनके मोबाइल पर एक ओटीपी आया, जिसके बाद पता लगा कि जितेंद्र शर्मा नामक युवक ने उनके खाते से क्यू नेट के माध्यम से 84,990 रुपये की खरीदारी कर ली है। जब उन्होंने फोन पर बात की तो, उसने रुपये वापस आने की बात कहते हुए उन्हें चुप करा दिया।
इसके बाद भाई कुलदीप को भी व्यापार में जोड़ने की बात कहते हुए 15 फरवरी 2023 को डेढ़ लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। वह हर रोज जूम पर ऑन लाइन मीटिंग भी लेता था। 10 दिन बिजनेस की ट्रेनिंग भी दी गई थी। वह अन्य लोगों को भी जोड़ने को दबाव बना रहा था। जिसके बाद उन्होंने रुपये वापस मांगे तो वह धमकी देने लगा। पीड़ित विपिन ने जितेंद्र शर्मा निवासी मेट्रो रेजीडेंसी टावर ए, जंक्शन मल, नेटिवली, कल्याण, ईस्ट मुंबई रेलवे महाराष्ट्र के विरुद्ध धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार का कहना है कि तहरीर पर मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।