चुर्री पापड़ खाने से बीमार मेहरी गांव के बच्चे।
- फोटो : चुर्री पापड़ खाने से बीमार मेहरी गांव के बच्चे।
फिरोजाबाद। जिले के हिरगांव क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मेहरी में बृहस्पतिवार शाम छह बजे फेरी वाले से चुर्री-पापड़ खाने के बाद गांव के बच्चों और कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। एक के बाद बच्चे को उल्टी दस्त शुरु हो गए तो गांव में लोग बुरी तरह डर गए। 24 लोग बीमार हो गए, जिनमें से 09 बच्चों समेत कुल 12 मरीजों को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
प्रधान सुबोध कुमार और भाजपा मंडल अध्यक्ष दयाशंकर ने बताया कि शाम को एक फेरी कर चुर्री-पापड़ बेचने आया था। गांव के बच्चों ने चुर्री-पापड़ खरीदे। खाते ही उल्टी-दस्त की शिकायतें शुरू हो गईं। देखते ही देखते गांव में अफरा-तफरी मच गई। बच्चों की बिगड़ती हालत देख परिजन घबरा गए और जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई।ग्रामीणों ने जिला अधिकारी कार्यालय को फोन किया। सूचना पाकर एंबुलेंस प्रभारी राजेश कुमार ने पांच एंबुलेंस गांव मेहरी में भेजीं। वहां से 9 बच्चों समेत कुल 12 मरीजों को तत्काल फिरोजाबाद के सरकारी ट्रामा सेंटर लाया गया। चिकित्सकों की टीम ने इलाज शुरू कर दिया। प्रधान सुबोध ने बताया कि कुल 24 लोग फूड प्वाइजनिंग का शिकार हुए हैं। सरकारी अस्पताल के अलावा कई अभिभावकों ने अपने बच्चों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जबकि कुछ आगरा के अस्पताल में ले गए हैं। प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग को मौके पर भेजने के आदेश दिए हैं। वहीं ग्रामीणों की शिकायत पर चुर्री बेचने वाले हिमांयूपुर निवासी इंदर राठौर को पकड़ लिया। कुछ लोगों ने उसकी पिटाई भी लगाई। इसके बाद पुलिस को सौंप दिया। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चुर्री पापड़ के सैंपल भी लिए हैं।
ये लोग ट्रामा सेंटर में हुए भर्ती
सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती बच्चों में वेदप्रकाश (06), वंदनी (16), शालू (08), गुंजन (04), तमन्ना (04), मीरा देवी(45), नंदनी (08), देवेंद्र(10), शिवानी(12) ओमवीर(06), सूरज ( 04) , वर्षा (16) आदि शामिल हैं।
इमरजेंसी में आए मरीज तो एक पलंग पर दो मरीजों को लिटाना पड़ा
सरकारी ट्रामा सेंटर में एक साथ कई मरीजों के आने की सूचना पर पहले से ही बेड पर उपचार करा रहे मरीजों को दूसरे बेड पर शिफ्ट किया गया। वहीं एंबुलेंस आने के बाद एक बेड पर दो-दो मरीजों को लिटाकर उपचार दिया गया।