अब 208 करोड़ की होगी जेडाझाल परियोजना
- फोटो : अमर उजाला
जेड़ाझाल परियोजना अब दो अरब आठ करोड़ की होगी। काम में देरी होने के कारण इसकी लागत में 47 करोड़ का इजाफा हुआ है। नहर विभाग ने रिवाइज प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा है। हरी झंडी मिलने के साथ ही अब तक चार गुने मुआवजे से महरूम किसानों को भी भुगतान कर दिया जाएगा।
फीरोजाबाद शहर के बाशिंदों को मीठा पानी देने के लिए जेड़ाझाल नवीन नहर परियोजना की शुरूआत की गई है। इसमें नंदपुर (फरिहा) तक सीधे नहर खोदाई और इससे जोड़कर दो माइनरों को निकाला जाना था। नहर विभाग की ओर से यह योजना एक अरब 61 करोड़ की तैयार की गई थी लेकिन किसानों द्वारा सर्किल दरों के सापेक्ष चार गुना मुआवजा दिए जाने के लिए लड़ी जा रही लड़ाई के कारण परियोजना का बजट बढ़ गया। मंडलायुक्त से अपील करने वाले किसानों को चार गुना मुआवजा दिया जाना है। नहर विभाग के सूत्रों की मानें तो विभाग ने किसानों के मुआवजा के साथ निर्माण कार्य में देरी के चलते बजट काफी बढ़ गया है। विभाग ने दो अरब आठ करोड़ का रिवाइज प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा है। शासन की हरी झंडी मिलने के बाद किसानों को भी मुआवजा दिया जाएगा और साथ ही कार्य में तेजी आएगी।
जसराना नवीन नहर परियोजना (जेड़ाझाल) का रिवाइज प्रस्ताव 208 करोड़ का तैयार कर शासन को भेजा गया है। मंडलायुक्त की ओर से शेष किसानों को चार गुना मुआवजा देने के आदेश के कारण योजना की लागत 47 करोड़ बढ़ी है। शासन की हरी झंडी मिलने के बाद किसानों को मुआवजा राशि का वितरण किया जाएगा।
राजेंद्र प्रसाद
एक्सईएन नहर विभाग फीरोजाबाद।