कांग्रेस के विधानसभा चुनाव पर्यवेक्षक राजस्थान के पूर्व विधायक टीकाराम जौली ने शुक्रवार को शहर कांग्रेस कमेटी के सदर बाजार स्थित कार्यालय में बैठक की। यहां उन्होंने विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन के संबंध में वरिष्ठ कांग्रेसजनों के साथ विचार-विमर्श किया।
चुनाव पर्यवेक्षक टीकाराम जौली ने कहा कि इस बार पार्टी हाईकमान द्वारा 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए समय से काफी पहले प्रत्याशी घोषित करने का मन बनाया है। इसके लिए प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में दूसरे प्रदेशों के वरिष्ठ और अनुभवी कांग्रेसजनों को प्रत्याशी चयन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव के पार्टी द्वारा ईमानदार, कर्मठ और जुझारू प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारा जाएगा। इस बार पार्टी सभी विधानसभा सीटों पर दमदारी से चुनाव लड़ेगी। बैठक के दौरान उन्होंने टूंडला, फीरोजाबाद, शिकोहाबाद, जसराना और सिरसागंज विधानसभा क्षेत्रों के भावी प्रत्याशी के रूप में आवेदकों से चर्चा की। इस दौरान राजस्थान युवक कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी विक्रम गुर्जर, प्रदेश सचिच शफात खान राजू, प्रकाश निधि गर्ग, जिलाध्यक्ष हरीशंकर तिवारी, केशवदेव, कुसुम सिंह, सतीशचंद्र अग्रवाल, हाजी निसार अहमद, नुरुलहुदा लाला राइन, चांद कुरैशी, सुबूर अली, अनिल यादव, भूरा फारुखी, शकील अहमद आदि मौजूद थे।