यूपी बोर्ड परीक्षा 188 केंद्रों पर होगी। ज्वाइंट डायरेक्टर आगरा की मुहर लगने के बाद केंद्रों की सूची फाइनल हो गई है। जिले में 188 केंद्र बनाए गए हैं। नए कालेजाें पर मेहरबानी बरती गई है। इस बार परीक्षार्थी कम हुए हैं लेकिन परीक्षा केंद्र बढ़े हैं। बोर्ड परीक्षा कब से होगी यह तिथि अभी तय नहीं है।
डीएम की अध्यक्षता वाली कमेटी में निर्धारित परीक्षा केंद्रों में एसडीएम की रिपोर्ट के बाद फेर बदल हुआ। इसके बाद मंडलीय कमेटी ने बोर्ड परीक्षा केंद्र घटा दिए। परीक्षा केंद्रों में निर्धारण में लगातार हुई देरी से कालेज संचालकों को सिफारिश का खूब मौका मिला। बोर्ड परीक्षा केंद्रों की सूची के फाइनल होने वाले समय पर चुनावी साल का असर देखने को मिला। प्राथमिक सूची में से 19 परीक्षा केंद्र घटाए गए हैं। वहीं 25 परीक्षा केंद्र बढ़ाए गए हैं। बढ़े केन्द्रों में नए कालेज हैं। बीते वर्ष बोर्ड परीक्षा के लिए 179 केंद्र बनाए गए थे। इस साल 188 परीक्षा केंद्र बने हैं, जबकि इस साल बीते साल से 29 हजार छात्र कम हैं। डीआईओएस रविंद्र सिंह ने कहा कि परीक्षाएं सख्ती से कराई जाएंगी। परीक्षा केंद्र निर्धारित करने का अंतिम निर्णय शासन की प्रक्रिया के अनुसार मंडलीय कमेटी ने लिया है।
टीईटी में बैठेंगे 12 हजार परीक्षार्थी
शिक्षक पात्रता परीक्षा कराने की तैयारियाें में प्रशासन जुट गया है। 19 दिसंबर को 13 केंद्रों पर परीक्षा कराई जाएगी। 12 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी परीक्षा में भाग लेंगे। परीक्षा केंद्रों को चार जोनल, चार सेक्टर में बांटा गया है। वहीं, चार सचल दल परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण के लिए बनाए गए हैं।