फिरोजाबाद। शहर के 1525 भवन स्वामी आठ साल से गृह व जलकर देने से बच रहे हैं। इन पर करीब 8.32 करोड़ गृह व जलकर बकाया है। इन लोगों से वसूली के लिए अब नगर निगम घर-घर अभियान चलाकर दस्तक देगा। नगर आयुक्त ने कर वसूली के मद्देनजर चार अन्य विभागों से भी नगर निगम क्षेत्र में स्थित विभिन्न श्रेणी के भवनों का डाटा मांगा है।
नगर निगम क्षेत्र में आवासीय व व्यवसायिक आदि के करीब 1525 भवनों पर नगर निगम का करीब आठ करोड़ 32 लाख रुपये का गृह व जलकर बकाया है। वर्ष 2014 से ये लोग नगर निगम को टैक्स नहीं दे रहे हैं। बृहस्पतिवार को नगर आयुक्त घनश्याम मीणा ने जीएसटी विभाग, बिजली विभाग, विकास प्राधिकरण एवं स्टांप एवं पंजीयन विभाग से पंजीकृत भवनों व खाली प्लॉटों का डाटा मांगा है।
इसके लिए निगम परिसर में बैठक हुई। कर निर्धारण अधिकारी नीरज पटेल के मुताबिक सभी विभागों से प्राप्त डाटा और निगम रिकार्ड के अनुसार बकाया कर वसूली की कार्रवाई की जाएगी।