-फोटो- फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने पर हुआ विरोध
कोटला रोड, बंबा चौराहे से रानीनगर तक चली जेसीबी
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजाबाद। नगर निगम ने बुधवार को वार्ड 24 किशन नगर और वार्ड 34 ठारपूठा में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। वहीं कोटला रोड बंबा चौराहे से नगर निगम सीमा तक मुख्य मार्ग से अतिक्रमण हटवाया। फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने पर कई जगह टीम को विरोध का भी सामना करना पड़ा।
नोडल जिला भूमि संरक्षण अधिकारी दिनेश कुमार यादव के निर्देशन में सुबह आठ बजे से किशन नगर, ठारपूठा में सफाई कर्मचारियों ने गली-मोहल्लों व खाली प्लाटों में लगे गंदगी के ढेर साफ किए। कर्नल जीएम खान के साथ दूसरी टीम ने कोटला रोड बंबा चौराहे से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया। टीम ने बंबा चौराहे से साइड पटरी से अतिक्रमण हटाया।
नाले के ऊपर टिनशेड, लोहे के एंगल, पक्के स्लैब को जेसीबी से ध्वस्त कराया कुछ लोगों ने फुटपाथ पर लकड़ी का जाल लगाकर निर्माण सामग्री बेचने को अतिक्रमण कर लिया था, जिसे सख्ती से हटवाया गया। अतिक्रमण हटाने पर टीम को विरोध का सामना भी करना पड़ा। टीम में जेडएसओ दलवीर सिंह, मुख्य स्वच्छता निरीक्षक संदीप भार्गव, अरविंद भारती, अवर अभियंता प्रवीन कुमार, अजय मिश्रा सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।