फिरोजाबाद। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 10425 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला जिले के 13 लाख छह हजार 916 मतदाता सोमवार को अपने मताधिकार का प्रयोग कर करेंगे। जिला प्रशासन ने शांतिपूर्ण तरीके से मतदान कराने के लिए जिले को नौ जोन 124 सेक्टरों में बांटा है। अति संवेदनशील एवं अति संवेदनशील प्लस मतदान केंद्रों पर फोर्स की विशेष व्यवस्था रहेगी।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारी को जिला प्रशासन ने रविवार शाम अंतिम रूप दे दिया। डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र विजय सिंह एवं एसएसपी अजय कुमार पांडेय ने जिले में चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष कराने के लिए जिले को नौ जोन, 124 सेक्टरों में बांटकर जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को तैनात किया है।
वहीं विशेष निगरानी के लिए प्रत्येक तहसील में एसडीएम, सीओ मुस्तैद रहेंगे। इसके साथ-साथ डीएम ने जिले में पांच सुपर जोनल मजिस्ट्रेट को तैनात किया है। ये सुपर जोनल मजिस्ट्रेट अपनी-अपनी तहसील क्षेत्र में व्यवस्थाओं को संभालने का काम करेंगे।
जिले में 1082 मतदान केंद्रों में 850 मतदान केंद्रों को सामान्य श्रेणी में रखा है। वहीं फिरोजाबाद ब्लॉक में एक मतदान केंद्र संवेदनशील है। जिले में 123 मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील तथा 108 मतदान केद्रों को अति संवेदनशील प्लस श्रेणी में रखा गया है।
ब्लॉकवार बूथ एवं मतदाताओं की संख्या......
ब्लाक का नाम--- बूथ मतदाता
टूंडला 308 -174503
नारखी 255 -152647
फिरोजाबाद 290 -180038
जसराना 173 -101116
एका 251 -147740
हाथवंत 219 -124400
शिकोहाबाद 252 -145205
मदनपुर 293 -165088
अरांव 202 -116179
---------------------------------------------
कुल 2243 --1306916
---------------------------------------------
तीन ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के नहीं डाले जाएंगे वोट
फिरोजाबाद। जिले की तीन ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के उम्मीदवार के नामांकन के बाद मौत हो जाने के कारण 26 अप्रैल को प्रधान पद के लिए मतदान नहीं होगा। हालांकि यहां बीडीसी एवं जिला पंचायत सदस्य के साथ ग्राम पंचायत सदस्य पदों के वोट डाले जाएंगे। इन पंचायतों में फिरोजाबाद ब्लॉक की ग्राम पंचायत बाजिदपुर कुतुकपुर, जसराना ब्लॉक की ग्राम पंचायत जसराना देहात और टूंडला ब्लॉक की ग्राम पंचायत रजावली है।