-- फोटो -एक बीएलओ निलंबित, तीन बीएलओ एक सुपरवाइजर का एक दिन का वेतन काटा
डीएम ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण, खामियां मिलने पर कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
जसराना। डीएम सेल्वा कुमारी जे ने बुधवार को अधिकारियों के साथ जसराना विधानसभा क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। कमियां मिलने पर डीएम ने तीन बीएलओ, एक सुपरवाइजर का एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया तो एक बीएलओ को निलंबित करने के आदेश दिए। वहीं विद्युत विभाग को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
डीएम सेल्वा कुमारी जे ने जसराना विधानसभा क्षेत्र के मिलावली, मोहम्मदपुर, पाढ़म, पलिया कलां, भादऊ, मुस्तफाबाद, पैढ़त, फरीदा मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। मिलावली मतदान केंद्र पर आंधी के कारण टूटे बिजली के तारों को सही न कराने पर एक्सईएन विद्युत को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए एक दिन तकूे व्यवस्था को दुरुस्त करने का आदेश दिया। वहीं बीएलओ कि बांटे गए ईपीक के बारे में भी लोगों से जानकारी ली। मोहम्मदपुर बूथ पर बीएलओ अभिषेक राठौर, रामनिवास, विनयप्रताप का कार्य निराशाजनक मिलने पर एक दिन को वेतन काटने का निर्देश दिया। फरीदा के उच्च प्राथमिक विद्यालय में अध्यापक हरीओम का बीएलओ के रुप में कार्य काफी खराब रहा। डीएम ने निलंबित करने का आदेश थमाया। वहीं सुपरवाइजर वेदप्रकाश का एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम देवेंद्रपाल सिंह, तहसीलदार सत्यप्रकाश, नायब तहसीलदार अरुण कुमार, कोतवाल गिरीशचंद्र मौजूद रहे।
डीएम ने मतदान केंद्रों के निरीक्षण के दौरान मिलावली में घरों के बाहर झंडे लगे मिलने पर नाराजगी जताई। एसडीएम देवेंद्रपाल सिंह एवं अन्य अधिकारियों से नाराजगी झंडों को उतरवाते हुए आचार संहिता का पालन करने का आदेश दिया।