बहुआ। ललौली थाना क्षेत्र की बड़ी नहर में बृहस्पतिवार को 40 वर्षीय युवक का शव झाल में फंसा मिला। दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नहर से बाहर निकलवाया। आसपास के ग्रामीणों से पहचान का प्रयास किया गया, पर सफलता नहीं मिली। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार राव और बहुआ चौकी प्रभारी अरुण कुमार मौर्य पुलिस के साथ पहुंचे। युवक काली पैंट, काली अंडरवियर और काला बेल्ट पहने था। पुलिस ने शव को करीब पांच से छह दिन पुराना बताया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने आशंका जताई कि शव कानपुर की ओर से बहकर यहां पहुंचा होगा। शव की पहचान के लिए आसपास के थानों से संपर्क किया जा रहा है।