फतेहपुर। सुल्तानपुर घोष थाने में लहूलुहान हालत में पहुंचे युवक ने प्रधान के भाई पर दो साथियों के साथ मिलकर मारपीट करने का आरोप लगाया। युवक का दावा है कि आरोपियों ने दोबारा दिखने पर जान से मारने की धमकी भी दी है। पुलिस ने प्रधान के भाई समेत तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हथगाम थाना क्षेत्र के चायमालपुर निवासी आशीष सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के बड़हा गांव में मजदूरी करने गया था। आरोप है कि वहां प्रधान के भाई भूपेंद्र यादव ने दो अज्ञात साथियों के साथ उसे घेर लिया। तीनों ने उसे लाठी-डंडे और गैंती से पीटकर घायल कर दिया। किसी तरह वह थाने पहुंचा और जानकारी दी। थानाध्यक्ष तेज बहादुर सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।