फाइल फोटो-13-दीपक कुमार। स्रोत: परिजन
सहिली। रिश्ते में साली को उसकी ससुराल छोड़कर लौट रहे दो मौसेरे भाइयों की बाइक में मंगलवार रात किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मलवां थाना क्षेत्र के बरमतपुर मजरे भरसवां गांव निवासी दीपक कुमार पासवान (22) मुंबई में प्राइवेट नौकरी करता था। मंगलवार रात वह सदर कोतवाली के आधारपुर निवासी मौसेरे भाई अमित कुमार के साथ साली को उसकी ससुराल गाजीपुर थाना क्षेत्र के पखरौली गांव छोड़ने गया था। लौटते समय मलवां थाना क्षेत्र के कोराईं रेलवे ओवरब्रिज के पास किसी वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने दीपक को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अमित कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। परिजन ने उसे एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया है।
दीपक कुमार की शादी 20 अप्रैल को पखरौली गांव निवासी रामकुमार पासवान की बेटी मनीषा देवी के साथ हुई थी। प्रभारी निरीक्षक राजीव मिश्रा ने बताया कि बाइक को टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।
दीपक के छोटे भाई की शादी की खुशियां मातम में बदलीं
सड़क हादसे में दीपक की मौत से परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। शादी के महज दो माह 10 दिन बाद ही मनीषा विधवा हो गई। दीपक के छोटे भाई गुलाब की शादी 27 जून को हुई थी। विवाह समारोह में शामिल होने आए रिश्तेदारों की विदाई शुरू हो चुकी थी। दीपक भी साली को उसके घर छोड़ने गया था। घर में रुके कुछ रिश्तेदारों को गुलाब की चौथी लेने जाना था। हादसे में घायल अमित कुमार का एक जुलाई का मुंबई जाने का रेलवे टिकट भी पहले से बुक था।
फाइल फोटो-13-दीपक कुमार। स्रोत: परिजन