फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के एकारी गांव में झोलाछाप के इलाज के बाद युवक की हालत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल पहुंचे युवक को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिजन ने मेडिकल स्टोर संचालक पर गलत इलाज करने का आरोप लगाया है।
एकारी गांव निवासी सोमनाथ का पुत्र सुमित कुमार (18) सोमवार को पेट दर्द से परेशान था। पिता उसे गांव स्थित एक क्लीनिक में इलाज के लिए ले गए। यहां क्लीनिक संचालक ने उसका उपचार किया। आरोप है कि इलाज के दौरान उसकी हालत बिगड़ गई। इसके बाद परिजन ई-रिक्शा से उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष एसबी सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।