फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के पक्का तालाब स्थित अटल बिहारी बाजपेई पार्क में शनिवार रात झूले से गिरकर युवक की मौत हो गई। उसके सिर पर गहरी चोट आई थी। मृतक के मामा ने हत्या की आशंका जताई है।
हथगाम थाना क्षेत्र के बंदीपुर गांव निवासी असगर अहमद (34) अविवाहित था। वह परिवार के साथ करीब 15 साल से पक्का तालाब के समीप झोपड़ी बनाकर रहता था। शनिवार की रात लगभग साढ़े आठ बजे वह पार्क घूमने गया था। जहां झूले से गिरकर बेहोश हो गया। हादसा देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस उसे लेकर जिला अस्पताल लेकर पहुंची। जहां डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के मामा नसीम ने हत्या की आशंका जाहिर की है। उनके अनुसार सिर, चेहरे में चोट के निशान हैं। कोतवाल एसबी सिंह ने बताया कि युवक की झूले से गिरकर मौत हुई है।