बकेवर (फतेहपुर)। थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में दुकान के अंदर फंदे से लटका मिला। युवक आंबेडकरनगर से इंस्टाग्राम पर संपर्क में आई युवती से मिलने उसके घर आया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृत युवक की पहचान आंबेडकरनगर जिले के टांडा क्षेत्र के पहाड़पुर निवासी अकमल (30) के रूप में हुई है। अकमल की बकेवर थाना क्षेत्र की एक युवती से इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत चल रही थी। मंगलवार सुबह अकमल युवती से मिलने उसके घर पहुंचा। युवती के पिता ने पुलिस को बताया कि वह अपनी छोटी बेटी (प्रेमिका) के साथ घर से बाहर किसी काम से गए थे।
उस समय घर पर उनकी पत्नी और बड़ी बेटी मौजूद थीं। इसी दौरान युवक घर में घुसने का प्रयास कर रहा था। पत्नी और बड़ी बेटी ने देखा तो उसे पकड़कर घर से सटी दुकान में बंद कर फोन पर सूचना दी। उसने घर पहुंचकर जब दुकान का शटर खोला तो अकमल फंदे से लटका मिला। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी दिवाकर सिंह और क्षेत्राधिकारी बिंदकी प्रियांश जैन पुलिस बल के साथ पहुंचे।
पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षणकर साक्ष्य जुटाए गए। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। क्षेत्राधिकारी प्रियांश जैन ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है। मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चलेगा। मृत युवक के परिजन को सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।