फतेहपुर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के तहत सोमवार को कलक्ट्रेट स्थित गांधी पार्क और 12वीं वाहिनी पीएसी मैदान में योग सप्ताह का शुभारंभ किया गया। गांधी पार्क में डीएम निधि गुप्ता वत्स ने योग सप्ताह का शुभारंभ किया।
डीएम ने कहा कि योग केवल शारीरिक अभ्यास नहीं बल्कि जीवन जीने की एक श्रेष्ठ कला है। उन्होंने कहा कि यह गर्व का विषय है कि भारत सहित पूरे विश्व में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। स्वस्थ शरीर और शांत मन योग का सबसे बड़ा उपहार है।
वहीं 12वीं वाहिनी पीएसी में सेनानायक मनोज कुमार अवस्थी के निर्देशन में अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक योगाभ्यास एवं प्राणायाम किया। कार्यक्रम में योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नियमित योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
योग से शारीरिक सुदृढ़ता, मानसिक एकाग्रता, तनावमुक्त जीवन, सकारात्मक ऊर्जा और कार्यकुशलता में वृद्धि पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
ब्लॉक परिसर में योगाभ्यास का शुभारंभ
फतेहपुर। विजयीपुर ब्लॉक परिसर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार से योग सप्ताह का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन खंड विकास अधिकारी जयप्रकाश ने किया। योग प्रशिक्षक दीपिका सिंह ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। सुबह आठ बजे शुरू हुए सत्र में ताड़ासन, भ्रामरी प्राणायाम सहित कई योग क्रियाएं कराई गईं। पर्यवेक्षक डॉ. प्रशांत गुप्ता भी मौजूद रहे। योग सप्ताह 15 से 21 जून तक आयोजित किया जाएगा।
फोटो-39-गांधी पार्क में योग करती डीएम। स्रोत: सूचना
फोटो-39-गांधी पार्क में योग करती डीएम। स्रोत: सूचना